केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की हिंदू स्वाभिमान यात्रा के कारण बिहार में खूब राजनीति हो रही है। 20 अक्टूबर को अररिया में यात्रा के दौरान बीजेपी सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि ‘अररिया में रहना है तो हिन्दू बनना होगा।’ बीजेपी सांसद के बयान पर सियासत तेज है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहा है कि ‘अगर किसी ने भी मुसलमानों को बुरी नजर से देखा जो ईंट से ईंट बजा दूंगा।’ लालू यादव ने भी कहा कि गिरिराज की यात्रा पर सवाल उठाया और कहा कि वो उल्टा पुल्टा बोलते रहते हैं। नीतीश और गिरिराज में कोई अंतर नहीं है। मेरे रहते बिहार में दंगा नहीं होगा।
गिरिराज सिंह ने अब तेजस्वी और लालू यादव को चेतावनी दी है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि बाप-बेटे आंख नहीं दिखाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लालू और तेजस्वी रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के लिए चमचागिरी ना करें। नीतीश के राज में तो दंगा नहीं हुआ, लेकिन लालू राज में दंगा हुआ था और तेजस्वी अब बिहार में दंगा करवाना चाहते हैं।
बीजेपी सांसद के बयान के बाद तेजस्वी यादव मंगलवार को फेसबुक लाइव पर आए। उन्होंने कहा कि ‘कोई भी अल्पसंख्यक भाइयों को बुरी नजर से देखने का प्रयास करेगा, तो राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव चुप नहीं बैठेगा। ऐसे लोगों की हम ईंट से ईंट बजा देंगे।
इस देश की मिट्टी में सबकी महक और आजादी में सबका योगदान है। मैं हर एक व्यक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि जब तक मेरी सांस है।
मैं बिहार को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने वाले हर एक व्यक्ति के सामने डटकर खड़ा रहूंगा और मुसलमानों की तरफ बुरी नजर से देखने वालों की ईंट से ईंट बजा दूंगा।’
दंगा करवाने की कोशिश हो रही है
गिरिराज सिंह के यात्रा पर भी तेजस्वी ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि ‘हिंदू और मुसलमान को इस यात्रा के जरिए लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अररिया के सांसद ने जिस भाषा का प्रयोग किया है, मैं उसका कड़ा विरोध करता हूं। इस देश की आजादी में सभी लोगों का योगदान है।
मुद्दे की बात होनी चाहिए पढ़ाई-लिखाई, सिंचाई और कमाई की बातें होनी चाहिए। सांप्रदायिक शक्ति जो आज तांडव कर रही है और दंगा करवाने का प्रयास किया जा रहा है, इसका विरोध होना चाहिए।’
तेजस्वी ने आगे कहा कि ‘यदि बिहार में दंगा होता है तो भाजपा, आरएसएस के लोगों के साथ-साथ नीतीश कुमार भी दोषी होंगे। हम सबको अपने भविष्य की चिंता करनी चाहिए, लेकिन BJP वाले उप चुनाव को लेकर दंगा भड़काने का काम कर रहे हैं। हार के डर से वो यह कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल चुप बैठने वालों में से नहीं है।’
CM नीतीश पर भी भड़के तेजस्वी यादव
अपने फेसबुक लाइव के दौरान तेजस्वी, CM नीतीश पर भी हमलावर दिखे। तेजस्वी ने कहा कि ‘आज की तारीख में मुख्यमंत्री वैसे लोगों के साथ खड़े हैं, जो नफरत की भाषा बोल रहे हैं। ऐसे लोगों को Y श्रेणी की सुरक्षा नीतीश कुमार दे रहे हैं, जो लोग नफरत फैला रहे हैं। भाजपा के एक सांसद ने बिहार में माहौल बिगाड़ने के लिए भड़काऊ बयान दिया और आज ही उस सांसद को नीतीश कुमार ने अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया करा दी।’








