ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार 29 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आ रहे हैं। PM गुरुवार की शाम पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। साथ ही बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद PM मोदी पहले पटना में रोड शो करेंगे। 45 मिनट के रोड शो में प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से डुमरा चौकी, बेली रोड, आयकर गोलंबर होते हुए वीरचंद पटेल पथ स्थित BJP दफ्तर पहुंचेंगे। वहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
अगले दिन यानी 30 मई को रोहतास के बिक्रमगंज में सभा को संबोधित करेंगे। दोनों कार्यक्रमों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है।
प्रधानमंत्री के रोड-शो को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। शहर में 200 मजिस्ट्रेट के साथ 3 हजार से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। रोड-शो के रास्ते में पड़ने वाली इमारतों पर स्नाइपर की तैनाती रहेगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। निर्देश दिया गया है कि PM के 100 मीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों की काेराेना जांच होगी।
पहलगाम हमले के बाद PM मोदी का यह दूसरा बिहार दौरा है। इससे पहले वे 24 अप्रैल को मधुबनी पहुंचे थे। यहां से उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा मैसेज दिया था।
3 हजार जवानों की तैनाती
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर बिहार पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है। खासतौर से पटना में रोड शो वाली जगहों के अलावा रोहतास में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी व्यवस्था की गई है।
PM मोदी के रोड-शो को लेकर मंगलवार को NSG की टीम ने जिला प्रशासन के साथ बैठक की और PM जहां-जहां जाएंगे उन जगहों का निरीक्षण किया।
ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी
29 मई को पटना में PM मोदी के रोड शो के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में शाम 4 से रात 8 बजे तक बदलाव किया गया है। बेली रोड पर डुमरा चौक से आयकर गोलंबर तक दोनों लेन में गाड़ियों का परिचालन बंद रहेगा।
इसके अलावा 30 मई को सुबह 9 बजे से 10.10 बजे तक एयरपोर्ट की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे। फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा।
इसको लेकर जिला प्रशासन ने पटना पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।
20 जून फिर आएंगे PM
BJP के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया, ’29 मई को इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को 50 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे।’
बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री 20 जून के आसपास फिर से बिहार आएंगे और नई योजनाओं की सौगात देंगे।








