बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ही गठबंधन सीट बंटवारे को लेकर दबाव बना रहे हैं। लोजपा (रामविलास) भी ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। भाजपा का कहना है कि गठबंधन में सभी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर रस्साकशी शुरू हो गई है। लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान बिहार में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का बात कह रहे हैं। हालांकि बीजेपी सूत्रों का कहना है कि चिराग पासवान एनडीए में गठबंधन की रणनीति के हिसाब से ही चलेंगे। हालांकि चिराग पासवान गठबंधन में ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। पिछली बार वे NDA से बाहर थे। इस बार चिराग एनडीए में हैं तो सीटों का बंटवारा नए सिरे से होगा।
लोकसभा फॉर्मूला और छोटे दलों की चिंता
सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) करीब 30 सीटों की मांग कर रही है, लेकिन उन्हें 20 से 25 सीटें मिलने की संभावना है। भाजपा और जदयू करीब 100-100 सीटों पर लड़ सकते हैं। चिराग पासवान लोकसभा फॉर्मूले को अपनाने की बात कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो भाजपा-जदयू को ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन इसका लाभ लोजपा को ज्यादा मिलेगा। इस रणनीति से जीतनराम मांझी की ‘हम’ और उपेंद्र कुशवाहा की ‘रालोमो’ की परेशानी बढ़ सकती है।
भाजपा का रुख स्पष्ट, सीट बंटवारे पर जल्द सहमति की उम्मीद
भाजपा का कहना है कि NDA की सभी पार्टियां सभी सीटों पर लड़ेंगी और गठबंधन का उम्मीदवार सभी दलों का होगा। पार्टी का मानना है कि यह कोई बड़ी समस्या नहीं है और जल्द सहमति बन जाएगी। भाजपा की कोशिश है कि सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चला जाए। कुछ स्थानीय दल भी NDA में शामिल हो सकते हैं, जिससे समीकरण और मजबूत होंगे।







