बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर दल के नेता और नीतियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी कमर कस ली है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड को वार रूम में तब्दील कर दिया गया है। दो महीने से यह काम कर रहा है। इसमें चार दर्जन से अधिक प्रोफेशनल्स को लगाया गया है।
पार्टी सांसद संजय यादव खुद वार रूम की निगरानी कर रहे हैं। उन्हीं के नेतृत्व में वार रूम से देश-प्रदेश में घटित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी के साथ ही पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडर, फेसबुक का संचालन वार रूम के माध्यम से ही हो रहा है। किस नेता का कौन सा बयान सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए, यह वार रूम तय कर रहा है। प्रोफेशनल्स न केवल राजद बल्कि दूसरे दलों के नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रख रहे हैं। सत्ताधारी दल के नेताओं के उन बयानों को अधिक फोकस किया जा रहा है, जिसका लाभ राजद को हो और कैडर वोट में इजाफा हो। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। महासचिव, उपाध्यक्ष, सचिव, प्रवक्ताओं के साथ ही सभी प्रकोष्ठों व मंच-मोर्चा का अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाये गये हैं। प्रदेश के साथ ही जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर पर पार्टी के व्हाट्सएप ग्रुप बने हैं। पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जा रहा है। न केवल पार्टी के नेता बल्कि दूसरे नेताओं की तस्वीर भी एआई के माध्यम से बनाई जा रही है। पार्टी की ओर से जारी किये गये प्रचार गीत में भी एआई का सहारा लिया गया है। गीत-संगीत के साथ वीडियो भी बनाए गए हैं। पार्टी के हर सम्मेलन में प्रचार गीत को बजाया जा रहा है। इमोजी, कार्टून कैरेक्टर का भी सहारा लिया जा रहा है, ताकि दल की नीतियों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।
साथ ही विरोधियों पर निशाना भी साधा जा रहा है। दल के नेता ने जो हाल के दिनों में घोषणाएं की और जिसका सरकार ने अनुपालन किया, उसे प्रमुखता से वीडियो के साथ दिखाया और बताया जा रहा है।







