‘बिहार विजन डॉक्यूमेंट @ 2047’ बनाने के मकसद से 30 विभागों के अफसर जुटे। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) ने इसके वास्ते सोमवार को कार्यशाला की थी। बिपार्ड के महानिदेशक केके पाठक ने टीम वर्क और सामूहिक दृष्टिकोण की महत्ता पर जोर दिया। कहा- यह कार्यशाला 2047 तक एक समृद्ध और विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बिहार की प्रगति तभी संभव है, जब सभी विभाग मिलकर सहयोगात्मक रूप से कार्य करें।
सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी. राजेंदर ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट प्रदेश की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने के साथ विशिष्ट चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करेगा। कार्यशाला में विभागों के बीच समन्वय और सहयोग को प्रोत्साहित करते हुए राज्य के विकास के लिए एकीकृत दृष्टि तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया। विजन डॉक्यूमेंट को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 26 जनवरी 2025 को जारी करेंगे। बिपार्ड के मुताबिक यह डॉक्यूमेंट बिहार के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक परिवर्तनकारी रोडमैप के रूप में काम करेगा।







