बिहार बिजनेस कनेक्ट-2024 में 815 बड़े निवेशक पहुंचे हैं। 1 लाख करोड़ से भी अधिक का MOU अब तक फाइनल हो चुका है। 350 कंपनी ने MOU के लिए कंफर्म कर दिया है। सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में शुक्रवार को MOU पर साइन किया जाएगा।
वहीं, आईफोन बनाने वाली फॉक्सकॉन कंपनी से बातचीत चल रही है। फॉक्सकॉन ने भी बिहार में इन्वेस्ट करने की इच्छा जाहिर की है। इसके अलावा सन पेट्रोकेमिकल्स, अंकुर बायोकेम, कैप्टन स्टील, श्री सीमेंट, बिरला सीमेंट, जेके सीमेंट, डालमिया सीमेंट, हल्दीराम, सुप्रीम ग्रुप और अडाणी से भी बातचीत चल रही है। उनके साथ भी MOU शुक्रवार को साइन होगा। पटना के ज्ञान भवन में दो दिवसीय बिहार बिजनेस कनेक्ट-2024 का आयोजन किया गया है।
बिहार में जल्द 5 बड़े डैम बनाएंगे
बिजनेस कनेक्ट को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘हम लोग आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि पहले हमें कुछ चीजों का एहसास नहीं था। पहले नेपाल से आने वाला पानी हमें बर्बाद करके चला जाता था। मात्र 2 लाख क्यूसेक पानी अगर नेपाल छोड़ता था तो करीब 15 जिले डूब जाते थे। इस बार साढ़े 6 लाख क्यूसेक पानी नेपाल से छोड़ा गया। इसके बावजूद एक भी प्रखंड में बाढ़ का पानी पूरी तरह नहीं आया।’
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि हम लोग जल्द ही पांच बड़े डैम बनाने जा रहे हैं। आज ग्लोबल समिट के जरिए हम लोग कई क्षेत्रों में आगे जाना चाहते हैं। मक्का हमारे यहां सबसे ज्यादा होता है।’
सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में होगा MOU साइन
कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को CEO राउंड टेबल का आयोजन किया गया है। इसमें कई विभागों के मंत्री, अधिकारी और प्रमुख उद्योगपतियों के बीच चर्चा होगी। इसके बाद मुख्य MOU सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में साइन किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार की औद्योगिक क्षमता और नीतिगत ढांचे पर महत्वपूर्ण वीडियो शेयर किया जाएगा।
साल 2023 से हुई बिहार बिजनेस कनेक्ट की शुरुआत
बिहार बिजनेस कनेक्ट ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की शुरुआत 2023 में हुई थी। इसमें देश विदेश के 600 से अधिक कारोबारियों ने भाग लिया था। बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023 एक ऐतिहासिक पहल रहा, इसका उद्देश्य राज्य के औद्योगिक और उद्यमशील विकास को बढ़ावा देना था।
पिछले साल इन कंपनियों ने लिया था भाग
पिछले साल 2023 में देश के प्रमुख निवेशक और उद्योगपतियों ने भाग लिया था। जैसे अडानी ग्रुप से प्रणव अडाणी, आईओसीएल से शुक्ला मिस्त्री, नाहर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के कमल ओसवाल, गोदरेज ग्रुप के राकेश स्वामी, माइक्रोमैक्स बायोफ्यूल्स के राजेश अग्रवाल, हाई स्पिरिट कॉमर्शियल वेन्चर्स के तुषार जैन, ए.एम.डी. के हसमुख रंजन, टाइगर एनालिटिक्स के महेश कुमार, एक्सेंचर के प्रशान्त कुमार और सुपरसेवा ग्लोबल सर्विसेज प्रा. लि. की कुमुद शर्मा समेत कई उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया था।







