बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भले ही पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय ना हों. लेकिन अपने पिता नीतीश कुमार के समर्थन में लगातार मीडिया में बयान दे रहे हैं. इसी कड़ी में एक बार फिर उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर बयान जारी किया है. निशांत कुमार ने कहा कि पिता जी पूरी तरह से स्वस्थ हैं. इसके अलावा बिहार में एनडीए की ओर से सीएम फेस को लेकर किए गए सवाल पर निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. पूरी एनडीए पिताजी के समर्थन में है और वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं.
राजनीति में एंट्री पर बोले निशांत
वहीं जब निशांत कुमार से राजनीति में उनकी एंट्री को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘मैं आप लोगों से अपील करता हूं कि एनडीए की सरकार बनाएं. पिताजी के नेतृत्व में सरकार बनाएं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंकल भी बिहार आए थे और उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे सीएम नीतीश ही सीएम फेस रहेंगे. सम्राट चौधरी ने भी कहा कि 15-15 साल हमारे साथ रहे और वहीं होंगे CM फेस. चुनाव लड़ेंगे हम लोग जीतेंगे.’
तेजस्वी के आरोप पर निशांत का पलटवार
दरअसल, तेजस्वी यादव आए दिन सीएम नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और दावा करते रहे हैं कि नीतीश कुमार अब स्वस्थ नहीं हैं, जिसपर मंगलवार को एक बार फिर सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने बयान दिया. निशांत कुमार ने कहा कि पिताजी पूरी तरीके से ठीक हैं. 100% पिताजी स्वस्थ हैं. जनता सब देख रही है. जनता फैसला लेगी कि चुनाव 25 का विधानसभा में कौन जीतेगा?
पीके तक ने नीतीश कुमार की सेहत को लेकर किए हैं दावे
आपको बता दें कि पूरा विपक्ष नीतीश कुमार की सेहत को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं और उससे जुड़े वीडियो भी शेयर करते रहे हैं. विपक्ष के इन आरोपों पर निशांत कुमार कई बार सफाई दे चुके हैं. लेकिन विपक्ष अब भी नीतीश कुमार की सेहत पर सवाल उठाता है और यही वजह है निशांत बार-बार पिता की सेहत पर सफाई देते रहते हैं. नीतीश कुमार की उम्र और कुछ सार्वजनिक प्रदर्शनों ने उनके स्वास्थ्य पर सवाल उठाए हैं. विपक्षी नेता, खासकर तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर, ने नीतीश के स्वास्थ्य पर टिप्पणियां की हैं. सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और पोस्ट्स ने भी नीतीश के स्वास्थ्य पर सवाल खड़े किए हैं.
‘मेरे पापा पूरी तरह हेल्दी’
बिहार में इस वक्त चुनावी माहौल है और बेटे होने के नाते निशांत कुमार पूरी तरीके से इसका फर्ज निभा रहे हैं और पिता के समर्थन में लगातार अपील करते रहते हैं. निशांत कुमार ने कहा, “मेरे पिता पूरी तरह स्वस्थ और फिट हैं. उन्होंने 38 जिलों की प्रगति यात्रा की, पीएम और राष्ट्रपति के साथ दिखे. क्या कोई कमी दिखी?”
‘जनता को सब पता है’
बिहार विधानसभ चुनावों के मद्देनजर विपक्ष नीतीश कुमार की छवि को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. मंच से लेकर मीडिया तक में तेजस्वी यादव ने बार-बार नीतीश की उम्र और कथित कमजोरी को मुद्दा बनाया है. निशांत की बार-बार सफाई को इस नजरिए से देखा जा सकता है कि वह अपने पिता की छवि को बचाने और विपक्ष के दावों को खारिज करने की कोशिश कर रहे हैं. निशांत ने कहा, “लोकतंत्र में सबको बोलने की आजादी है, लेकिन मेरे पिता पूरी तरह स्वस्थ हैं. जनता को सब पता है.”
निशांत कुमार अक्सर पिता के लिए करते रहते हैं अपील
सीएम नीतीश कुमार के बेटे एक वक्त तक मीडिया से कोसों दूर रहते थे. लेकिन हाल के कुछ महीनों से वो मीडिया में बयान देते रहते हैं. कई बार यह भी अटकलें लगाई गईं की निशांत की पॉलिटिक्स में एंट्री हो सकती है. हालांकि निशांत इन अटकलों को खारिज करते रहते हैं. उन्होंने बख्तियारपुर में एक कार्यक्रम में अपने पिता के लिए वोट की अपील की और नीतीश के विकास कार्यों की तारीफ की. फरवरी 2025 में, वह अपनी दिवंगत मां को याद करते हुए भावुक हुए और जेडीयू कार्यकर्ताओं से नीतीश को फिर से जिताने की अपील की.
दबी जुबा में निशांत की एंट्री हो गई है?
निशांत की बढ़ती सक्रियता इस बात का संकेत हो सकती है कि वह धीरे-धीरे राजनीति में अपनी भूमिका तलाश रहे हैं. हालांकि, उन्होंने राजनीति में आने के सवालों पर चुप्पी साधी है, लेकिन उनकी गतिविधियां जेडीयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह पैदा कर रही हैं. कुछ जेडीयू नेताओं ने दावा भी किया है कि निशांत ने पार्टी में प्रवेश कर लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.







