बिहार में अपराध बढ़ रहा है। इसको लेकर राजनीति भी खूब हो रही है। काननू व्यवस्था को लेकर विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव , नीतीश कुमार की सरकार पर हमलावर हैं। तेजस्वी ने दावा किया है कि बिहार में सिर्फ 7 दिनों में 97 आपराधिक घटनाएं हुई हैं। उन्होंने सरकार को ‘बीमार’ बताते हुए अपराधियों को ‘असली सरकार’ कहा है। उन्होंने हत्याओं के आंकड़े जारी कर सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, और डबल इंजन की सरकार पर जोरदार हमला बोला है।
बिहार में सरकार बीमार!
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और दो-दो उपमुख्यमंत्री सब बेकार, अपराधी ही असल सरकार! तेजस्वी यादव के अनुसार, सरकार अपराध रोकने में नाकाम है। उन्होंने समस्तीपुर, सारण, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, गया और पटना में हुई हत्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों की ‘बहार’ है क्योंकि सरकार ‘बीमार’ है।
बीजेपी पर बिहार को ‘तालिबान’ बनाने का आरोप
इससे पहले तेजस्वी ने बीजेपी पर बिहार को ‘तालिबान’ बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने गया, पटना और रोहतास में हुई हिंसक घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने ‘DK टैक्स’ संरक्षित गुंडों और अपराधियों पर भी निशाना साधा। बता दें कि तेजस्वी लगातार क्राइम बुलेटिन जारी कर सरकार को घेर रहे हैं। उनका कहना है कि एनडीए सरकार अपराध पर काबू पाने में विफल रही है और लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वे इस मुद्दे को जनता के बीच उठाकर सरकार को चुनौती दे रहे हैं।







