बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और राजद सहित महागठबंधन के सभी घटक दलों वोट चोरी को बड़ा मुद्दा बनाया है. वहीं, बीजेपी ने भी एक बड़ा मुद्दा खोज लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के मुद्दे को लेकर बीजेपी और एनडीए की सहयोगी पार्टियां और उनके नेता जोर-शोर से मुद्दा बना रहे हैं. इस मामले में पीएम मोदी के बयान के बाद पार्टी नेताओं को साफ इशारा मिल गया कि अब इस मुद्दे को लेकर विपक्ष को घेरना है. मंगलवार को पीएम मोदी ने कहा- ‘मां के अपमान के लिए मैं राजद-कांग्रेस को क्षमा कर सकता हूं, बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी’, बयान के बाद एनडीए की महिला बिग्रेड ने भी मोर्चा खोल दिया है. अब इसे लेकर आज 4 सितंबर को बीजेपी और एनडीए ने बिहार बंद का ऐलान किया है.
समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, हाजीपुर, दरभंगा में समेत 12 जिलों में नेशनल हाईवे जाम किया गया है। यहां गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई है।
पटना के सगुना मोड़ पर आगजनी की गई है। जज और शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की गाड़ियों को रोका गया। बिहटा में बीजेपी नेताओं ने सड़क जाम की है। डाकबंगला चौराहे को कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कर दिया।
जहानाबाद में बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता रोड रोलर लेकर पहुंच गए। और सड़क को जाम कर दिया। यहां महिला टीचर को स्कूल जाने से रोका गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें हाथ पकड़ वापस घर भेज दिया।
भागलपुर में बंद के दौरान बाइक से जा रहे पति-पत्नी की बंद समर्थकों के साथ बहस हुई। इस दौरान दंपती के साथ बदसलूकी की गई।
दरभंगा में पार्टी की महिला मोर्चा ने कमान संभाली है। चौक-चौराहों पर प्रदर्शन हो रहा है। सड़क जाम है। इस जाम में फंसी पुलिस, एंबुलेंस और एयरफोर्स की गाड़ी को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जाने दिया।
बेगूसराय में बंद को सफल बनाने के लिए मंत्री सुरेंद्र मेहता खुद सड़क पर उतरे हैं। सड़क और दुकानें बंद करवाई गईं।
मुंगेर में भी बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया जा रहा है। हालांकि, कुछ जगहों पर दुकानें बंद नही हैं।
मुजफ्फरपुर में बिहार बंद के दौरान मुजफ्फरपुर-दरभंगा NH 27 जाम करने को लेकर RAF के जवान और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में बातचीत से मामला सुलझाया गया।
RJD और कांग्रेस पर लोकतंत्र को शर्मसार करने का आरोप
बीजेपी की महिला मोर्चा की सदस्य आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहा पहुंचीं और उसे पूरी तरह जाम कर दिया. महिलाएं बीच सड़क पर बैठकर लगातार नारेबाजी कर रही थीं और राहुल गांधी व तेजस्वी यादव से माफी मांगने की मांग कर रही थीं. उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री की पीड़ा के साथ हैं और बिहार की माताएं-बहनें भी इस अपमान से आहत हैं. महिला मोर्चा के आह्वान पर बुलाए गए इस बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राजद और कांग्रेस पर लोकतंत्र को शर्मसार करने का आरोप लगाया. इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने डाकबंगला चौराहे की बैरिकेडिंग कर दी. जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
जमुई में सड़क पर उतरीं विधायक श्रेयसी सिंह
बिहार बंद के दौरान जमुई में भी एनडीए कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कचहरी चौक पर सड़क जाम कर आवागमन को प्रभावित कर दिया गया है. इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह भी शामिल हुईं, जो कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपनी नाराजगी जाहिर कीं.
मोतिहारी में पूर्व मंत्री बोले- मां दुर्गा राहुल-तेजस्वी का करेंगी संहार
मोतिहारी में भी बंद का असर दिख रहा है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की महिला मोर्चा और स्थानीय विधायक ने सड़कों पर उतरकर दुकानों को बंद कराया और अपना विरोध जताया. इस दौरान पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक प्रमोद कुमार ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘असुर’ करार दिया. प्रमोद कुमार ने कहा कि जिस तरह मां दुर्गा असुरों का संहार करती हैं. उसी तरह मां भगवती राहुल और तेजस्वी का भी संहार करेंगी, क्योंकि इन लोगों ने ‘मां का अपमान’ किया है. उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है.
लखीसराय में राहुल-तेजस्वी के खिलाफ नारेबाजी
लखीसराय जिले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं. शहर स्थित शहीद द्वार के पास कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया है. इस दौरान वे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और प्रधानमंत्री की मां के अपमान का विरोध जता रहे हैं.
बेगूसराय में NH-28 कई जगहों पर जाम
बेगूसराय में एनडीए कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने हर हर महादेव चौक और एनएच 28 को कई जगहों पर जाम कर दिया है. इस दौरान वे विपक्ष के विरोध में जमकर नारेबाजी कर रहे हैं.
अरवल में NH-139 और NH-110 ठप
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता अरवल में सड़कों पर उतर आए हैं. इस दौरान, उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराते हुए NH-139 और NH-110 को पूरी तरह से जाम कर दिया. जिससे यातायात बाधित हो गया. कार्यकर्ता इस अपमान का विरोध कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
मुजफ्फरपुर में… ‘माँ का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का असर मुजफ्फरपुर में भी साफ तौर पर देख रहा है. एनडीए के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर “माँ का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगा रहे है. इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं.
पटना में JDU महिला मोर्चा बंद में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ कथित तौर पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बिहार बंद के दौरान बीजेपी के महिला मोर्चा के साथ-साथ जेडीयू महिला मोर्चा की सदस्य भी पटना के आयकर गोलंबर पर पहुंचीं. दोनों पार्टियों की महिला सदस्यों ने मिलकर गोलंबर को पूरी तरह से जाम कर दिया. जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसके बाद, जेडीयू महिला मोर्चा की सदस्य डाकबंगला चौराहे की तरफ आगे बढ़ गईं, ताकि बंद के समर्थन में अपना विरोध जारी रख सकें.
आरोपी के पिता ने मांगी थी माफी
पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर की गई आपत्तिजमक टिप्पणी का वीडियो समाने आने के बाद सिमरी थाना पुलिस ने आरोपी मो. रिजवी उर्फ राजा (22) को गिरफ्तार कर लिया था. इधर रिजवी के रिजवी के पिता अनीस रिजवी ने माफी भी मांगी थी. उन्होंने बेटे की इस हरकत को भूल बताया था. उन्होंने कहा था कि ‘भूलवश ऐसी घटना हुई है. ऐसे में हम सभी से मांफी मांगते हैं.’
पटना में आयकर गोलंबर पर रोकी गाड़ी
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बिहार बंद का असर पटना में भी देखने को मिल रहा है. शहर के प्रमुख आयकर गोलंबर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के युवा कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान बीजेपी का महिला मोर्चा भी उनके साथ मौजूद रहा, जो इस बंद का समर्थन कर रहा है. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की.
गया में बीजेपी का विरोध प्रदर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ महागठबंधन के एक कार्यक्रम में की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने पांच घंटे के लिए बिहार बंद का आह्वान किया था. इस दौरान गयाजी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की और इसे प्रधानमंत्री के साथ-साथ देश की सभी माताओं का अपमान बताया.







