आज राजद के लिए जोरदार बैटिंग करने वाला भाकपा माले की लालू यादव के लहर में कमर टूटी थी …………

इंडिया गठबंधन में भाकपा माले (लिबरेशन) सधे हुए अंदाज में गेम खेल रही है। फिलहाल वह राजद के लिए जोरदार बैटिंग कर रही है। इंडिया गठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा को लेकर कांग्रेस भले टालमटोल कर रही है लेकिन भाकपा माले खुलेआम तेजस्वी के पक्ष में है। वह साफ-साफ कह रही है कि अगर बहुमत मिला […]

UB India News By UB India News Patna, Bihar
शनिवार, 20 सितंबर 2025, 10:17 AM 5 मिनट read
लाइव टेक्स्ट हाइलाइटिंग के साथ सुनें
शेयर करें:
WhatsAppFacebookXTelegram
आज राजद के लिए जोरदार बैटिंग करने वाला भाकपा माले की लालू यादव के लहर में कमर टूटी थी …………
Photo: UB India News Archive

इंडिया गठबंधन में भाकपा माले (लिबरेशन) सधे हुए अंदाज में गेम खेल रही है। फिलहाल वह राजद के लिए जोरदार बैटिंग कर रही है। इंडिया गठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरा को लेकर कांग्रेस भले टालमटोल कर रही है लेकिन भाकपा माले खुलेआम तेजस्वी के पक्ष में है। वह साफ-साफ कह रही है कि अगर बहुमत मिला तो मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही बनेंगे। अब तो वह राजद के वास्ते कांग्रेस को नसीहत भी देने लगी है। पहले तो लालू यादव ही बिहार में कांग्रेस की औकात पर सवाल उठाते थे। लेकिन अब भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी कांग्रेस की हैसियत पर सवाल पूछने लगे हैं। उन्होंने ज्यादा सीट मांगने पर कांग्रेस को कहा, ‘औकात से अधिक मांगना ठीक नहीं। कम सीटों पर लड़िये और अधिक पर जीतिए। यही कांग्रेस और महागठबंधन के हित में है।’

राजद की छत्रछाया में भाकपा माले

भाकपा माले (लिबरेशन) का मूल संगठन कभी भूमिगत रह कर सशस्त्र क्रांति से राजनीतिक बदलाव की बात करता था। लेकिन अब चुनावी राजनीति की महत्वाकांक्षा ने इस क्रांतिकारी दल को समझौते के लिए मजबूर कर दिया है। वह ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना चाहती है और इसके लिए किसी की छत्रछाया में जाने के लिए तैयार है। यह हैरत की बात है कि क्रांति का अलख जगाने वाली यह पार्टी अब अपना भविष्य राजद को मजबूत करने में देख रही है। इतना ही नहीं जिस कांग्रेस को वह कभी पूंजीपतियों का दल कहती थी आज उसी के साथ मिल कर चुनाव लड़ रही है। सच्चाई यही है कि भाकपा माले के मौजूदा उत्थान में सबसे बड़ा योगदान राजद का है। जब राजद के वोट भाकपा माले से मिल गये तो नतीजे लाल रंग में रंग गये। पहली बार माले का आंकड़ा दो अंकों (12) में पहुंचा।

बेहतर स्ट्राइक रेट इसलिए 40 सीटें चाहिए

इस बार उसने 40 सीटों की डिमांड रखी है। वह नपी-तुली चाल से अपने मोहरे आगे बढ़ा रही है। 2020 के विधानसभा चुनाव में उसका स्ट्राइक रेट अन्य सहयोगी दलों से बेहतर था। कुल 19 सीटें मिली थीं जिसमें से उसे 12 पर जीत मिली थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाकपा माले को इंडिया गठबंधन में 3 सीटें मिली थीं जिसमें से उसने दो पर जीत कर सभी को चौंका दिया था। सिर्फ नालंदा सीट पर उसकी हार हुई थी। लोकसभा चुनाव में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद भाकपा माले का हौसला बुलंदियों पर है। अपने संसदीय यात्रा में वह फिलहाल सर्वश्रेष्ठ पड़ाव पर है। इंडिया गठबंधन में वह खुद को मेन प्लेयर मानने लगी है। इसी हौसले के कारण 2025 में 40 सीटें मांग रही है।

लालू ने डैमेज किया तो तेजस्वी कर रहे मजबूत

एक समय था जब लालू यादव की लहर में भाकपा माले की कमर टूट गयी थी। लालू यादव ने पिछड़ावाद का ऐसा चमत्कारी रंग जमाया कि माले के आधार मत राजद की झोली में आ गिरे। लालू -राबड़ी राज में माले के विधायकों की संख्या 5,6,7 के बीच सीमित रही। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भाकपा माले लालू यादव के खिलाफ चुनाव लड़ती थी। पिछड़ा और दलित वर्ग लालू यादव के साथ खड़ा था। जातिवाद की हवा में धुर वामपंथी सिद्धांत तिनके की तरह उड़ गये। लालू यादव ने जातीय आधार पर भाकपा माले जैसी कैडर वाली पार्टी को भी तोड़ दिया। 1990 में आइपीएफ (भाकपा माले) ने 7 सीटें जीती थीं। लेकिन 1991 में लालू यादव ने इन सात में से चार विधायकों- भगवान सिंह, केडी यादव, उमेश सिंह और सूर्यदेव सिंह को तोड़ कर अपनी पार्टी में मिला लिया था। अब तेजस्वी यादव के जमाने में राजद-माले में भाई-भाई वाला माहौल है।

2019 से बदला माहौल

2019 के लोकसभा चुनाव में लालू यादव और भाकपा माले की दूरियां खत्म हो गयीं थीं। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से लालू यादव की पुत्री मीसा भारती चुनाव लड़ रही थीं। मीसा भारती की जीत सुनिश्चित करने के लिए लालू यादव ने भाकपा माले से मदद मांगी। माले को भी अपनी दलीय उन्नति के लिए एक सहारे की जरूरत थी। पाटलिपुत्र सीट पर माले ने मीसा भारती को समर्थन दे दिया। इसके बदले में लालू यादव ने भाकपा माले को आरा लोकसभा सीट दे दी। आरा से माले के राजू यादव मैदान में थे जिन्हें राजद का समर्थन हासिल था। हालांकि यह प्रयोग बिल्कुल असफल रहा। मीसा भारती और राजू यादव दोनों चुनाव हार गये। इस हार में भी माले के लिए एक संकेत था। वह यह कि अगर वह राजद के साथ गठबंधन में चुनाव लड़े तो उसे जीतने लायक वोट मिल सकते हैं। इस तरह लाल रंग को हरा रंग पसंद आ गया।

माले अब मिथिलांचल में भी मांग रही सीट

भाकपा माले का उदय भोजपुर जिले में हुआ। लेकिन धीरे-धीरे इसने पटना प्रमंडल और मगध प्रमंडल में अपना प्रभाव बढ़ा लिया। इसके अलावा इसने सारण और सीवान में भी पार्टी का विस्तार किया। माले का मानना है कि भोजपुर, रोहतास, बक्सर, पटना, जहानाबाद, गया, औरंगाबाद, सीवान जिलों के अलावा अब उसका प्रभाव मिथिलांचल और नालंदा इलाके में भी कायम हुआ है। इसलिए उसे कम से कम 40 सीटें जरूर मिलनी चाहिए। इंडिया गठबंधन में किसको कितनी सीटें मिलेगी, यह लालू यादव के आंकलन पर निर्भर है। हाल में उन्होंने कहा है, बंटवारे में सीटों की संख्या नहीं बल्कि जिताऊ उम्मीदवार की उपलब्धता ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। यानी जितनी सीट जीतने की संभावना हो उतनी ही सीटें लीजिए।

UB India News

UB India News

बिहार और देश-दुनिया की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक घटनाओं की निष्पक्ष व सटीक रिपोर्टिंग।

संबंधित खबरें (Related Stories)

9 Articles loaded
आरक्षण की समीक्षा पर घमासान में लालू परिवार की एंट्री…
जिलावार

आरक्षण की समीक्षा पर घमासान में लालू परिवार की एंट्री…

बिहार एनडीए में आरक्षण की समीक्षा को लेकर उठे विवाद और धमासान के बीच इसमें लालू यादव परिवार की एंट्री हो गई है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सिंगापुर से एक्स पर पोस्ट कर इस मामले में बड़ी बात कही है। ध्यान रहे कि इस मामले को लेकर जीतन राम मांझी और चिराग पासवान में सियासी शीत युद्ध जारी है।

UB India News Desk30 अग॰
बिहटा एनकाउंटर में SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल,62 राउंड फायरिंग…
समाचार

बिहटा एनकाउंटर में SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल,62 राउंड फायरिंग…

पटना में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं, गोली लगने से SI राजू कुमार सिंह घायल हो गए। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के सिर में भी चोट लगी है। SSP कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस और अपराधी के बीच कुल 62 राउंड फायरिंग हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

UB India News Desk30 अग॰
पटना में भीम आर्मी और आजाद समता पार्टी का अधिकार मार्च फ्लॉप…………..
पटना

पटना में भीम आर्मी और आजाद समता पार्टी का अधिकार मार्च फ्लॉप…………..

पटना में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने आज अधिकार मार्च निकाला। इसमें 50 के करीब कार्यकर्ता नजर आए। ये मार्च फ्लॉप दिखाई दिया। गांधी मैदान से शुरू हुए मार्च को पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर के रोका था। यहां 150 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनाती की गई थी। 30 थानेदारों […]

UB India News29 अग॰
नेपाल के पानी ने बनाए बाढ़ जैसे हालात , क्या टल गई बड़ी तबाही !CM सम्राट बोले- खतरा अभी टला नहीं
दुर्घटना

नेपाल के पानी ने बनाए बाढ़ जैसे हालात , क्या टल गई बड़ी तबाही !CM सम्राट बोले- खतरा अभी टला नहीं

CM सम्राट चौधरी ने गुरुवार को गंडक बैराज का हवाई सर्वे किया। इसके बाद वे गंडक बैराज पहुंचे। CM यहां सिर्फ 8 मिनट रुके। इस दौरना उन्होंने अधिकारियों से स्थिति को समझा। आगे की प्लानिंग की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। खतरा अभी टला नहीं है। सभी लोग अपने […]

UB India News27 अग॰
पता है कि बिहार में सरकार के साथ क्या होने वाला है………
पटना

पता है कि बिहार में सरकार के साथ क्या होने वाला है………

बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चौंकाने वाला बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने बीपीएससी छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए बहुत सारी बातों को कहा। उसमें उन्होंने ये भी कहा कि ये लोग किस घमंड में हैं। कब जाने वाले हैं। ये उनको पता है। तेजस्वी ने कहा कि […]

UB India News25 अग॰
सीएम ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया,फरक्का बराज के सभी गेट खोले………
पटना

सीएम ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया,फरक्का बराज के सभी गेट खोले………

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना, बेगूसराय और भागलपुर के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। भागलपुर एयरपोर्ट पर अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से बात की। फरक्का बराज के गेट को खोलने का आग्रह किया। सभी गेट खोल दिए गए। इससे […]

UB India News25 अग॰
किताबों में शामिल होगी पं. राजकुमार शुक्ल की जीवनी…….
पटना

किताबों में शामिल होगी पं. राजकुमार शुक्ल की जीवनी…….

बिहार के सरकारी स्कूलों में संचालित पाठ्यक्रम में चंपारण सत्याग्रह के सूत्रधार पंडित राजकुमार शुक्ल के संघर्ष और जीवनी को शामिल किया जाएगा। स्कूली छात्र अब चंपारण आंदोलन, चंपारण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की यात्रा, नील की खेती के खिलाफ आंदोलन में पंडित राजकुमार शुक्ल के कामों के बारे में पढ़ेंगे। इसकी घोषणा शिक्षा मंत्री […]

UB India News25 अग॰