नीतीश कुमार आज यानी गुरुवार को 11.30 बजे 10वीं बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके लिए गांधी मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शपथ लेंगे। कुल 18 मंत्रियों के शपथ लेने की बात लगभग तय है। इसमें मुख्यमंत्री समेत जदयू के 7, भाजपा के 8 और लोजपा (आर), रालोमो और हम के 1-1 मंत्री हो सकते हैं।
PM मोदी सुबह 10.45 बजे हेलिकॉप्टर से सीधे गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद 11
बजे से समारोह शुरू हो जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहेंगे। गांधी मैदान की सुरक्षा SPG के हाथों में है।
दानापुर से बाहुबली को हराकर विधायक बने बीजेपी के रामकृपाल यादव और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह को फोन आया है। दोनों का मंत्री बनना लगभग तय है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना फाइनल है। विधानसभा अध्यक्ष का पद बीेजेपी के खाते में गया है। डॉ. प्रेम कुमार स्पीकर होंगे।
कोटे से कौन हो सकते मंत्री
रक्षा को लेकर खास तैयारी, लगाए गए 128 सीसीटीवी
प्रधानमंत्री मोदी के समारोह में शामिल होने के कारण गांधी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपीजी (SPG) के हाथ में है. सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए 250 से अधिक मजिस्ट्रेट, 250 पुलिस अधिकारी और 2500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है. आसपास की ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात हैं, जबकि पूरे क्षेत्र की निगरानी 24 घंटे ड्रोन कैमरों और 128 सीसीटीवी कैमरों (स्थिर, पीटीजेड, और एनालिटिकल) से की जा रही है। मैदान को कई सेक्टरों में बांटा गया है, जहां हर गेट पर मेटल डिटेक्टर और कई स्तरों की चेकिंग है. आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हर गेट पर डॉक्टर, जीवन रक्षक दवाएं और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है.
गांधी मैदान में पहली बार शपथ ग्रहण, PM हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे कार्यक्रम स्थल
गांधी मैदान का यह ऐतिहासिक स्थल जेपी आंदोलन से लेकर कई बड़े जनांदोलनों का केंद्र रहा है, लेकिन आज पहली बार यहां होने वाला शपथ ग्रहण समारोह इसे एक नए ऐतिहासिक अध्याय के रूप में स्थापित करेगा. इस भव्य आयोजन को लेकर जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है. जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से गांधी मैदान पहुंचेंगे.
सजा पटना शहर, गांधी मैदान में 3 मंच तैयार
भाजपा द्वारा इस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए पूरे शहर को भगवा झंडों, होर्डिंगों, बैनरों और तिरंगा रोशनी से सजाया गया है. आयोजन स्थल गांधी मैदान में तीन मंच तैयार किए गए हैं. पहला मुख्य मंच वीवीआईपी अतिथियों जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए है. दूसरा मंच वीआईपी गणमान्य व्यक्तियों के लिए और तीसरा मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हेतु बनाया गया है. मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य, एनडीए के शीर्ष नेता, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहेंगे.
पटना पहुंचे नड्डा और शाह
शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार की देर रात विशेष विमान से पटना पहुंचे. पटना पहुंचने के तुरंत बाद, अमित शाह ने होटल मौर्य में एनडीए के शीर्ष नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस समारोह में मौजूदगी को केंद्र और राज्य के बीच मजबूत समन्वय तथा भविष्य की राजनीतिक दिशा के संदर्भ में एक शक्तिशाली संदेश देने वाला माना जा रहा है, जिससे गांधी मैदान में होने वाला यह आयोजन राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम हो गया है.
NDA का शक्ति प्रदर्शन, 3 लाख लोगों के जुटने की संभावना
शपथ ग्रहण समारोह में NDA की ओर शक्ति प्रदर्शन भी होगा। 3 लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। इसको लेकर जदयू, बीजेपी, रालोमो और हम के कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। हर विधायक को 5-5 हजार लोगों को पटना लाना है। राजभवन में PM के सम्मान में भोज होगा। यहां नरेंद्र मोदी के साथ 150 खास मेहमान रहेंगे। ताज, मौर्या, चाणक्या जैसे होटलों में 260 कमरे बुक कराए गए हैं। गांधी मैदान के आसपास के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।







