बिहार में सत्ता परिवर्तन की तैयारियां जोरों पर है। सियासी गलियारों में 15 अप्रैल को नई सरकार के गठन की चर्चा जोरों पर है। मुख्यमंत्री आवास में आज भी हाई-लेवल मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें मंत्रिमंडल के स्वरूप और विभागों के बंटवारे पर अंतिम मंथन होगा। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आज पटना पहुंचने की संभावना है, जिससे एनडीए के भीतर चल रही हलचल और तेज हो गई है। एनडीए के दोनों उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ हुई हालिया मुलाकातों ने साफ कर दिया है कि अगले 48 घंटे बिहार के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
13 को कैबिनेट की आखिरी बैठक, 14 को इस्तीफा!
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 13 अप्रैल को वर्तमान सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हो सकती है। इसके ठीक अगले दिन यानी 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इस्तीफे के तुरंत बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता का औपचारिक चुनाव और सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
NDA विधायकों को पटना नहीं छोड़ने के निर्देश
बदलते राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए भाजपा और जेडीयू ने अपने-अपने विधायकों को हाई अलर्ट पर रखा है। सभी विधायकों को तत्काल प्रभाव से पटना पहुंचने और अगले आदेश तक राजधानी में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि किसी भी महत्वपूर्ण विधायी कार्य या परेड के लिए सभी की उपस्थिति जरूरी की गई है।
सीएम आवास पर लंच के साथ मंथन का दौर
शनिवार शाम दोनों उपमुख्यमंत्रियों और मंत्री लखेंद्र पासवान की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई 30 मिनट की मुलाकात ने नई सरकार की रूपरेखा तय कर दी है। नेताओं ने मीडिया से कहा कि सब कुछ जल्द स्पष्ट हो जाएगा। उधर, विजय सिन्हा का मुख्यमंत्री से मिलने के बाद सीधे लोकभवन जाना इस बात का संकेत है कि शपथ ग्रहण स्थल और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।
नई सरकार और विभागों के बंटवारे पर मंथन
नई सरकार के गठन के साथ ही जेडीयू और भाजपा के बीच विभागों के पुनर्गठन पर भी चर्चा चल रही है। 15 अप्रैल को होने वाले संभावित शपथ ग्रहण समारोह के लिए बापू सभागार या गांधी मैदान जैसे स्थलों पर नजर है। ललन सिंह की वापसी के बाद जेडीयू के कोटे से मंत्रियों के नामों पर भी अंतिम मुहर लगने की संभावना है, जिससे नई कैबिनेट का चेहरा साफ हो जाएगा। फिलहाल, 48 घंटे बेहद अहम हैं।







