बिहार में कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां गंगा के मैदानी इलाकों और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) ने मौसम में हलचल पैदा की है। वहीं, दूसरी ओर पछुआ हवाओं ने झुलसाने वाली गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 15 अप्रैल को राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, बल्कि ‘लू’ का दायरा बढ़ने वाला है। गर्म हवा के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। जिससे आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने के आसार हैं।
15 अप्रैल से बिहार के 20 प्रमुख जिलों में भीषण लू चलने वाली है। मौसम विभाग ने पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, सारण, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत उत्तर से दक्षिण बिहार के कई इलाकों में लू वाली हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में दोपहर के समय गर्म हवाएं चेहरे को झुलसा सकती हैं।
बिहार में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटों में भभुआ जिला 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बिहार का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके विपरीत, सीमावर्ती इलाकों में हो रही मौसमी हलचल के कारण कटिहार में सबसे कम 30.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जिससे वहां के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार, झारखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के ऊपर निचले क्षोभमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण ही कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही दिख रही है। हालांकि, यह सिस्टम फिलहाल बिहार के मैदानी इलाकों में बारिश कराने में सक्षम नहीं दिख रहा है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना
सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, गर्जना और बिजली गिरने का अनुमान है। इस मौसमी बदलाव का आंशिक असर बिहार के सीमावर्ती जिलों में देखने को मिल रहा है, जिससे वहां के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
झुलसाने वाली गर्मी से बचाव की सलाह
15 अप्रैल को राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं होने के कारण विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। सिवान, गोपालगंज, चंपारण और पूर्णिया जैसे जिलों में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
पटना में फिलहाल तीन-चार दिन गर्मी सताएगी। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। दो दिनों के दौरान पटना समेत सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, कैमूर, सासाराम, भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर और मुंगेर में दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री, जबकि अन्य जिलों में 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बिहार के अधिकतर भागों में आसमान साफ रहेग। साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है।







