बिहार में भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कमेटी का गठन लगभग हो चुका है। अब इसकी आधिकारिक घोषणा के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की अंतिम सहमति का इंतजार है। जैसे ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलती है, नई प्रदेश कमेटी की घोषणा कर दी जाएगी। संगठन के भीतर इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि इस बार कई बड़े बदलावों के संकेत मिल रहे हैं।
युवा और अनुभव का संतुलन
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में तैयार की गई इस नई कमेटी में युवाओं को खास प्राथमिकता दी गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में युवा चेहरों को आगे लाना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि 50 वर्ष से कम आयु के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की चर्चा है।
हालांकि, केवल युवाओं पर ही जोर नहीं दिया गया है, बल्की पार्टी उन अनुभवी नेताओं को भी जगह देने जा रही है जो लंबे समय से संगठन के लिए काम करते आ रहे हैं। इससे संगठन में ऊर्जा और अनुभव दोनों का संतुलन बने रहने की उम्मीद है।
महिलाओं को 33% तक भागीदारी
इस बार की प्रदेश कमेटी में महिलाओं की भागीदारी भी चर्चा का प्रमुख विषय है। जानकारी के मुताबिक, करीब 33 प्रतिशत पद महिलाओं को दिए जाने की तैयारी है।
इसे महिला आरक्षण बिल की भावना के अनुरूप एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बीजेपी इस फैसले के जरिए न सिर्फ महिलाओं को सशक्त करने का संदेश देना चाहती है, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों पर भी दबाव बनाने की रणनीति भी है।
जातीय-सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
बिहार की राजनीति में सामाजिक और जातीय समीकरणों का बड़ा महत्व रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए नई कमेटी में विभिन्न वर्गों और समुदायों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। पार्टी का लक्ष्य है कि हर वर्ग को संगठन में अपनी भागीदारी महसूस हो।
जंबो नहीं, पहले से छोटी होगी कमेटी
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी की नई प्रदेश कमेटी जंबो के बजाए छोटी होने के संकेत मिल रहे ।बीजेपी की घोषित होने वाली कमेटी पिछली बार की अपेक्षा थोड़ी छोटी होगी पर इसमें प्रतिबंधित हर वर्ग और समुदाय का होगा।
सम्राट की बनाई कमेटी अब तक चल रही
फिलहाल, बिहार बीजेपी की वही प्रदेश कमेटी काम कर रही है जिसका गठन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने किया था। बाद में दिलीप जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन चुनावी व्यस्तताओं और बाद में मंत्री बनने के कारण नई कमेटी का गठन नहीं हो सका। अब यह प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
संगठन को मजबूत करने की रणनीति
नई प्रदेश कमेटी को बिहार में बीजेपी के संगठन को और मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन में नई ऊर्जा भरने का लक्ष्य रखा गया है।
हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और सत्ता में हिस्सेदारी के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा है। बीजेपी इस मौके का फायदा उठाकर अपने जनाधार को और बढ़ाना चाहती है।
बीजेपी की यह नई प्रदेश कमेटी न सिर्फ संगठनात्मक बदलाव का संकेत है, बल्कि 2025 और उसके बाद की राजनीतिक रणनीति का भी अहम हिस्सा मानी जा रही है।







