कैबिनेट विस्तार के एक सप्ताह के बाद मंत्रियों के जिलों का प्रभार भी बांट दिया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने शुक्रवार रात को इसकी अधिसूचना जारी कर दी।
पहली बार मंत्री बने नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार वैशाली का प्रभार सौंपा गया है। डिप्टी सीएम विजय चौधरी पटना और नालंदा और बिजेंद्र प्रसाद यादव सारण जिले के प्रभारी मंत्री बनाए गए हैं।
4 मंत्रियों को दो-दो जिले आवंटित किए गए हैं, जबकि अन्य 30 मंत्रियों को एक-एक जिले का प्रभार सौंपा गया है।
सरकार ने शुक्रवार को मनाया नो व्हीकल डे
PM मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्री और बिहार सरकार के मंत्री निजी वाहनों का इस्तेमाल बहुत कम कर रहे हैं।
हर रोज मंत्रियों, विधायकों के फोटो-वीडियो सामने आ रहे जिसमें कभी वो ई-रिक्शा तो कभी पैदल तो कभी 1-2 गाड़ियों के काफिले में आवाजाही करते दिख रहे हैं।
शुक्रवार को भी बिहार में सरकार नो व्हीकल डे मनाया था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी CM हाउस से 50 मीटर की दूरी तय कर सचिवालय तक पैदल गए।
RLM सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश भी अपने सरकारी आवास से सचिवालय पैदल चले। उन्होंने लगभग 1 KM की दूरी तय की।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी ई रिक्शा से सचिवाल पहुंचे। इस दौरान अपने समर्थकों के साथ भारत माता जय के नारे भी लगाए। वहीं, खगड़िया में DM-SP के साथ बाकी अधिकारी भी साइकिल से अपने दफ्तार पहुंचे। इनके साथ सुरक्षाकर्मी भी साइकिल पर ही दिखाई दिए।
CM ने कहा था- मंत्री और जनप्रतिनिधि अपनी गाड़ियों को कम करें
गुरुवार को पटना से दरभंगा जाने के दौरान CM 3 गाड़ियों से एयरपोर्ट पहुंचे थे। इससे पहले उनके कारकेड में 19 गाड़ियां होती थीं। दरभंगा के कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से अपील की थी कि, लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।







