बिहार के 14 जिलों में आज हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों से दोपहर के वक्त घरों में ही रहने की अपील की है। शेखपुरा, सासाराम में तापमान 40°C के पार है।
अररिया में मौसम बदला है। 12 बजे बाद मूसलाधार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज यहां बारिश का अलर्ट किया किया था। आकाशीय बिजली से एक शख्स की भी मौत हुई है। किशनगंज में भी बारिश हो रही है। सुपौल में भी मौसम बदला है, बारिश हुई।
तेज धूप से बिहार के कई शहरों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जमुई के स्कूल में गर्मी से छात्राएं बेहोश हुई हैं। गयाजी और जहानाबाद में 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए। जबकि क्लास 6 से आठवीं तक सुबह 11 बजे तक ही पढ़ाई होगी। पटना में भी 26 मई तक क्लास 5वीं तक के सभी स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए।
औरंगाबाद में भीषण गर्मी के चलते क्लास 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 9वीं से 12वीं तक सुबह 11.30 तक क्लास का संचालन होगा। जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
प्रदेश भर के मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी में पानी बचाने के 11 तरीके जान लीजिए
गर्मियों में पीने, नहाने, खाना पकाने और साफ-सफाई में भी पानी की खपत बढ़ जाती है। इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज हम पानी स्टोर करने के आसान टिप्स समझेंगे। साथ ही जानेंगे- गर्मियों में पानी की किल्लत क्यों होती है और गर्मियों में घर में कितने पानी का स्टोरेज होना चाहिए?
आज 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय में लू चलने की आशंका है। तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है। जरूरी काम होने पर ही लोगों को घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
बिहार में ऐसा मौसम क्यों बना हुआ है
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में इस समय पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं लगातार आ रही हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के गर्म इलाकों का असर सीधे बिहार के दक्षिणी हिस्सों पर पड़ रहा है। यही वजह है कि तापमान लगातार बढ़ रहा है। लू जैसी स्थिति बन रही है।
दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से हल्की नमी सीमांचल के कुछ हिस्सों तक पहुंच रही है। इसी कारण उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में बादल और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है।
दक्षिण बिहार में लू का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका है। दोपहर में गर्म हवा लोगों को झुलसा सकती है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यलो अलर्ट वाले जिलों में भी तेज धूप और गर्म हवा का असर बना रहेगा। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।







