जदयू के एक करोड़ प्राथमिक सदस्य हो गए हैं। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने दी। उन्होंने बुधवार को एक्स पोस्ट पर लिखा कि एक करोड़ से अधिक सदस्यों वाले जदयू परिवार में आपका स्वागत है!
झा ने कहा कि हमें बताते हुए खुशी है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की ओर से 6 दिसंबर 2025 को शुरू किए गए जदयू सदस्यता अभियान 2025–28 के तहत एक करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाने के पहले लक्ष्य को छह महीने से भी कम समय में हासिल कर लिया गया है। दो जून तक पार्टी के प्राथमिक सदस्यों की कुल संख्या एक करोड़ एक हजार नौ सौ पच्चीस हो चुकी है।
झा ने कहा कि सदस्यता अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में न्याय के साथ विकास और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों के प्रति जनता की आस्था का प्रमाण है। यह उपलब्धि जदयू परिवार के प्रति बिहारवासियों के निरंतर बढ़ते विश्वास और पार्टी की जनसेवा आधारित राजनीति की स्वीकृति का भी प्रतीक है। बूथ स्तर तक चलाये जा रहे जदयू सदस्यता अभियान को सफल बनाने में सक्रियता से जुटे सभी कार्यकर्ता साथियों का अभिनंदन करता हूं। इस अभियान को उत्साहजनक प्रतिक्रिया देने के लिए सभी प्रदेशवासियों का हृदय से आभारी हूं। अपने जनप्रिय नेता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी बिहार परिवार की सेवा करने तथा बिहारवासियों की अपेक्षाओं पर निरंतर खरा उतरने के लिए संकल्पित और प्रतिबद्ध है।
नीतीश कुमार पहुंचे जदयू कार्यालय पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिले
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को जदयू दफ्तर पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक प्राप्त करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। बुधवार की सुबह जैसे ही नीतीश कुमार जदयू दफ्तर पहुंचे, वहां कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वे नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाने लगे। नीतीश कुमार भी उन्हें देखकर काफी प्रसन्न हुए। कई लोगों से उन्होंने न केवल उनका हाल-चाल पूछा बल्कि उनके क्षेत्र की जानकारी भी ली। बाद में वे जनसुनवाई के प्रभारी डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी से मंत्रियों के आने और लोगों की शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री रत्नेश सदा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी, अनिल कुमार, छोटू सिंह, लोकप्रकाश सिंह, मुकेश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।







