राजद ने नौ जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों और 17 जून को जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बुधवार को राजद मुख्यालय में कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, संगठित भ्रष्टाचार, विधि व्यवस्था और जनहित के अन्य मुद्दे को लेकर धरना दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में धरना, प्रदर्शन के साथ गिरफ्तारी का कार्यक्रम भी व्यापक रूप से किया जाएगा, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गरीबों की संख्या बढ़ती चली जा रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ने से महंगाई बढ़ रही है। महिला अपराध बढ़े हैं। विकास कार्य ठप हैं।
भूमिहीनों को जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा है। इन सबके खिलाफ जनता में आक्रोश है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि जो जनविरोधी कार्य का विरोध करता है, उसकी पिटाई होती है, मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष तनवीर हसन, रणविजय साहू, शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन असरदार होगा। मौके पर मुकुंद सिंह, निर्भय अंबेडकर, प्रवक्ता एजाज अहमद और अरुण कुमार यादव थे।







