मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि पहले चरण में पांच लाख लोगों के घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत इसी माह में की जाएगी। अगले दो वर्षों में 50 लाख लाख घरों में सोलर उत्पादित बिजली पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वृक्षारोपण कर जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना अंतर्गत एक लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करने के बाद ये बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों के घरों की छतों पर लगनेवाले प्रत्येक सोलर प्लेट पर होने वाली खर्च में भारत सरकार 33 हजार रुपये देगी, जबकि शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी। भारत सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद इसी माह से इसकी शुरुआत की जायेगी। इसके लिए यदि लोन लेने की आवश्यकता पड़ेगी तो लिया जाएगा। जिन लोगों के यहां सोलर बिजली उत्पादन 125 यूनिट से अधिक होगा, उनसे राज्य सरकार बिजली खरीदेगी और राशि उनके बैंक खाते में भेज दी जायेगी। इस काम से जीविका दीदियों को भी जोड़ा जाएगा, इसके लिए उन्हें अलग से इंसेंटिव भी दिया जाएगा।
बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान सर्वाधिक:
मुख्यमंत्री ने सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान के रूप में सरकार 23 हजार करोड़ रुपए दे रही है। अनुदान की इतनी बड़ी राशि बिजली उपभोक्ताओं को देश में कहीं नहीं दी जाती है। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट 3.47 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें राज्य का अपना संसाधन 60 से 70 हजार करोड़ रुपये है। इनमें से एक तिहाई राशि बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान के रूप में दी जा रही है।







