जून का महीना खत्म होने को है, लेकिन ये गर्मी तो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है. दिल्ली, यूपी, बिहार सहित उत्तर भारत के तमाम राज्य भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के जूझ रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने एक और टेंशन बढ़ाने वाली खबर दे दी है. भारत मौसम विज्ञान […]
By UB India News • Patna, Bihar सोमवार, 29 जून 2026, 05:24 AM • 4 मिनट read
जून का महीना खत्म होने को है, लेकिन ये गर्मी तो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है. दिल्ली, यूपी, बिहार सहित उत्तर भारत के तमाम राज्य भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के जूझ रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने एक और टेंशन बढ़ाने वाली खबर दे दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, यूपी, बिहार, दिल्ली और हरियाणा में आज भी भीषण लू चल सकती है. हालांकि कल से इन सभी राज्यों में मौसम बदलने की संभावना है. दरअसल पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है. आईएमडी के मुताबिक, आज से मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी और अगले 3-4 दिनों में मानसून उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में तेजी से आगे बढ़ेगा. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है. अगले कुछ दिनों में यह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के और हिस्सों तक पहुंच सकता है. इसके साथ ही देश के अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां भी बढ़ने की संभावना है.
हालांकि देश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जुलाई की शुरुआत से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा. इसके चलते उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है.
आईएमडी ने आज पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार के बगहा, बक्सर खगड़िया समेत 8 जिलों में बारिश
सोमवार को बेतिया,बगहा, कटिहार, खगड़िया और बक्सर में सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 जून से बारिश की गतिविधियां तेज होगी और 1 जुलाई से झमाझम बारिश होने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50km/h की रफ्तार से हवा चलेगी साथ ही तेज बारिश के भी आसार हैं। इधर, बिहार में इस साल मानसून ने समय से पहले 11 जून को ही दस्तक दे दी थी, लेकिन एंट्री के तुरंत बाद कमजोर पड़ गया। 28 जून तक बिहार में सामान्य होने वाली 140.4 मिमी बारिश के मुकाबले 69.8 मिमी ही हो सकी है। मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक, 38 में से 6 जिलों में ही सामान्य या उससे अधिक बरसात हुई है। 18 जिलों में 50 प्रतिशत से कम बारिश हुई है।
बीते 24 घंटे में किस जिले में कितना तापमान रहा
बीते दिन यानी रविवार को खगड़िया, जमुई और नालंदा में बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। पटना में सुबह-सुबह बादल छाए रहे। हल्की बारिश भी हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल आई। बगहा में तेज हवा चलने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
- पटना में 8वीं तक के स्कूल 30 जून तक बंद: पटना में भीषण गर्मी को देखते हुए 8वीं क्लास तक के स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में लागू होगा। जहानाबाद में 8वीं तक के क्लास सुबह 11.30 बजे तक चलेंगे।
- किशनगंज में बाढ़ जैसे हालात: नेपाल में हो रही लगातार बारिश के चलते किशनगंज जिले की कई नदियां उफान पर हैं। जिले के दिघलबैंक प्रखंड की करूआमनी पंचायत में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इससे 8 परिवारों के करीब 80 लोग प्रभावित हुए हैं।
- 29 से 30 जून के दौरान सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
- 30 जून और 1 जुलाई को पटना, नालंदा, भोजपुर, अरवल और जहानाबाद समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा हो सकती है।