- मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मामूली आंधी के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी हुआ है, उनमें मुख्य रूप से उत्तर और पूर्वी बिहार के इलाके शामिल हैं.
- येलो अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर और वैशाली शामिल हैं. इसके साथ ही मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भी चेतावनी जारी की गई है. राज्य के शेष 14 जिलों में आज मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है.
-
मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. राजधानी पटना समेत कई जिलों का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर रह सकता है. अच्छी बारिश न होने से दिन के समय उमस काफी बढ़ जाएगी. अधिकतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इस वजह से दोपहर के वक्त गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस होगा .
-
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रिकॉर्ड किया गया. शुक्रवार को 38.5 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर जिला राज्य में सबसे गर्म रहा. इसके अलावा औरंगाबाद में तापमान 37.7 डिग्री, गया और पश्चिम चंपारण में 37.2 डिग्री दर्ज हुआ. राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
- मौसम वैज्ञानिकों ने मानसून की रफ्तार धीमी होने की मुख्य वजह बताई है. उनके अनुसार बंगाल की खाड़ी से बिहार को पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही है. इसके साथ ही वर्तमान में कोई मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम (कम दबाव का क्षेत्र) या ट्रफ लाइन सक्रिय नहीं है. इसी मानसूनी सिस्टम की कमजोरी के कारण राज्य में व्यापक और भारी वर्षा नहीं हो पा रही है.
- इस साल मानसून सीजन में बिहार में सामान्य से बेहद कम बारिश हुई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि तक राज्य में करीब 196.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. इसके मुकाबले अब तक केवल 98.4 मिलीमीटर वर्षा ही रिकॉर्ड की गई है. यह आंकड़ा सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत कम है. इसी वजह से खेती-किसानी के कार्यों पर भी असर पड़ रहा है.
- राजधानी पटना में आज मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने की संभावना है. आसमान में हल्के बादल जरूर दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, बारिश होने की उम्मीद बहुत कम जताई गई है. दिन के समय तेज धूप निकलेगी. धूप के साथ हवा में नमी होने से उमस लोगों को परेशान करेगी. पटना के अधिकतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
- मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले एक से दो दिनों तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी बनी रहेगी. हालांकि, वैज्ञानिक लगातार मानसूनी हवाओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम बनेगा, उसके बाद ही बिहार में झमाझम बारिश का दौर दोबारा शुरू हो सकेगा.
औसत से 50 प्रतिशत कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में अब तक बिहार में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 3 जुलाई तक राज्य में लगभग 196.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 98.4 मिलीमीटर वर्षा ही रिकॉर्ड की गई है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 20.2 मिमी बारिश मुंगेर में हुई। पटना के फतुहा में 13.6 मिमी रिकॉर्ड की गई।







