अखिल भारतीय कांग्रेस के सदस्य आनंद माधव ने राहुल गांधी का 15 जुलाई का प्रस्तावित पटना कार्यक्रम रद होने को बिहार कांग्रेस की संगठनात्मक विफलता बताया है। पूर्व विधायक छत्रपति यादव, नागेंद्र पासवान तथा राजकुमार राजन के साथ आनंद माधव ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि समय पर तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण […]
By UB India News • Patna, Bihar शुक्रवार, 10 जुलाई 2026, 07:48 AM • 3 मिनट read
अखिल भारतीय कांग्रेस के सदस्य आनंद माधव ने राहुल गांधी का 15 जुलाई का प्रस्तावित पटना कार्यक्रम रद होने को बिहार कांग्रेस की संगठनात्मक विफलता बताया है। पूर्व विधायक छत्रपति यादव, नागेंद्र पासवान तथा राजकुमार राजन के साथ आनंद माधव ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि समय पर तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण कार्यक्रम रद होना लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जैसे लोकप्रिय नेता की सभा के लिए कार्यकर्ता और जनता स्वतः जुटती हैं, ऐसे में तैयारियों के अभाव का तर्क संगठन की कमजोरी को दर्शाता है।
जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा
आनंद माधव ने कहा कि यदि कार्यक्रम रद होने का कारण बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की आचार संहिता बताया जा रहा है तो यह तथ्यात्मक रूप से कमजोर दलील है, क्योंकि चुनाव के दौरान भी शीर्ष नेता नियमों के तहत जनसभाएं करते रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पहले यह कार्यक्रम पटना में होना तय था. हाल में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के साथ जिलाध्यक्षों की बैठक में आपसी सिर फुटौव्वल इतनी बढ़ी कि राहुल गांधी का पटना कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है. इसके बदले आनन-फानन में 17 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून में छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारी हो रही है.
हालांकि राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस का कहना है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता की वजह से कार्यक्रम आयोजित करना संभव नहीं था. पार्टी के नेताओं का दावा है कि चुनावी नियमों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को फिलहाल रद्द करने का फैसला लिया गया है.
हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर दूसरी तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, छात्र सम्मेलन की तैयारी को लेकर पार्टी संगठन तय लक्ष्य हासिल नहीं कर सका. चर्चा है कि प्रदेश संगठन को करीब 10 हजार ऐसे छात्रों का डेटा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जो नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों से प्रभावित रहे हैं. बताया जा रहा है कि इन छात्रों के नाम और संपर्क विवरण जुटाने का लक्ष्य रखा गया था.
अब कांग्रेस के अगले कदम पर नजरें
सूत्रों के अनुसार, तय समय तक यह तैयारी पूरी नहीं हो सकी, जिसके कारण कार्यक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही. हालांकि, कांग्रेस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और लगातार यही कह रही है कि कार्यक्रम स्थगित होने की वजह केवल बांकीपुर उपचुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता है. फिलहाल पार्टी की ओर से राहुल गांधी के पटना दौरे की नई तारीख का ऐलान नहीं किया गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि छात्र सम्मेलन कब आयोजित होगा और राहुल गांधी बिहार का दौरा कब करेंगे.