बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने अपने सभी दिग्गज प्रचारकों को मैदान में उतारा है। ये चुनाव सम्राट चौधरी की सरकार के 100 दिन का टेस्ट भी है। सम्राट चौधरी लगातार बांकीपुर में दिख रहे हैं। इस बीच जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। संजय झा ने बताया है कि आखिर एनडीए क्यों बांकीपुर का उपचुनाव जीतने जा रही है। संजय झा ने कहा है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा साथियों और माताओं-बहनों का उत्साह देख कर यह विश्वास और पक्का हुआ कि उपचुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा जी की बड़े मार्जिन से जीत तय है।
सम्राट के साथ बांकीपुर घूम रहे संजय झा
संजय झा ने आगे कहा कि बांकीपुर के लोग अच्छी तरह समझ रहे हैं कि यह उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने का नहीं, बल्कि क्षेत्र में विकास की तेज रफ्तार को बनाए रखने का चुनाव है। हमलोगों के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के कार्यकाल में पूरे पटना में पिछले दो दशकों में जितने बड़े पैमाने पर विकास के काम हुए हैं, वह ऐतिहासिक है। पटना में जब कोई आठ-दस साल बाद आता है, तो यहां का विकसित स्वरूप देख कर दंग रह जाता है।
बांकीपुर में विकास की रफ्तार तेज- झा
उन्होंने आगे कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी हर गली, हर मोहल्ले में विकास के काम हुए हैं। मंदिरी नाले पर फोर लेन सड़क (नवीन किशोर सिन्हा पथ) के निर्माण से न केवल क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि हजारों निवासियों को गंदगी और जलजमाव से भी मुक्ति मिली है। अब इस पथ को सीधे जेपी गंगा पथ से जोड़ा जा रहा है। क्षेत्र में मेट्रो का निर्माण भी जारी है, जिसके चालू हो जाने पर समग्र विकास का एक नया स्वरूप उभर कर सामने आएगा।
जेडीयू नेता संजय झा ने गिनाए बांकीपुर क्षेत्र के विकास
संजय झा ने कहा कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के कार्यकाल में बांकीपुर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। हर मोहल्ले में काम हुआ है।
बांकीपुर के हजारों लोगों के साथ कई मोहल्लों को गंदगी से मुक्ति मिली है। इसके अलावा जल जमाव से राहत मिली है।
बांकीपुर के पथ को अब सीधे गंगा पथ से जोड़ा जा रहा है। इलाके में मेट्रो का काम जारी है। बहुत जल्द मेट्रो चलेगी।
विकास की तेज रफ्तार बांकीपुर में एनडीए सरकार की ओर से जारी है। राजनीति के खोखले वादे पर मत जाइए।
संजय झा ने ये भी बताया है कि पिछले 10 सालों में जीतना काम बांकीपुर में हुई है। कोई भी देखकर दंग हो जाता है।
बांकीपुर क्षेत्र के लोग बहकावे में नहीं आएंगे
उन्होंने आगे कहा कि इसलिए मुझे विश्वास है कि क्षेत्र के लोग किसी के बहकावे में नहीं आएंगे, विकास की तेज रफ्तार को बनाए रखने के लिए ही मतदान करेंगे। राजनीति खोखले वादों से नहीं, सही नीति, नियत और सक्षम नेतृत्व से चलती है; जो एनडीए की डबल इंजन सरकार में ही संभव है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में NDA सरकार द्वारा पिछले 100 दिनों में लिए गए बड़े फैसले बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
संजय झा ने की पीएम मोदी की तारीफ
संजय झा ने इस मौके पर पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में NDA की केंद्र सरकार भी बिहार के विकास में विशेष सहयोग कर रही है। ऐसे में राजधानी पटना का हृदय स्थल बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र इस विकास यात्रा में पीछे कैसे रह सकता है। बांकीपुर के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि क्षेत्र से लगातार 5 बार विधायक चुने गए नितिन नवीन आज देश की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस उपचुनाव में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा जी भी क्षेत्र में एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में वर्षों से काम करते रहे हैं।







