बांकीपुर उपचुनाव के लिए कल वोटिंग होनी है। वोटिंग से ठीक पहले जनसुराज के कैंडिडेट प्रशांत किशोर के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में शिकायत हुई है। JDU MLC नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बांकीपुर उपचुनाव कल मतदान होगा। पटना के डीएम ने बताया कि गुरुवार 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए सभी 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था है। डीएम-एसएसपी ने बताया कि केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों की 14 कंपनियां लगाई गई हैं। 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किए गए हैं, उपचुनाव में 25 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
मतदान केन्द्रों पर बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम के 1,266 कर्मी लगाए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय क्षेत्र) जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यालय कक्ष में बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र से 200 मीटर के दायरे में किसी को ठहरने की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस पदाधिकारी इसे देखेंगे।
उन्होंने कहा कि ईवीएम की प्राप्ति करने के बाद पुलिस पदाधिकारी बीच रास्ते में कहीं भी नहीं रुकेंगे। उन्हें मतदान केंद्र से सीधे व्रजगृह तक पहुंचना है। इसमें काफी सतर्कता बरतनी है। सभी पोलिंग पार्टी या पुलिस बल एक साथ पोलिंग बूथ पर ही ठहरेंगे। चुनाव के पहले रात्रि में किसी अन्य जगह विश्राम नहीं करना है। वज्रगृह से मतदान केंद्र तक जाते समय तथा लौटते समय विशेष सावधानी बरतनी है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने जो दिशा निर्देश जारी किया है, उसका अक्षरश: पालन करना है।
पटना में गाड़ियों की चेकिंग
बुधवार से सभी चौक चौराहे, जिले में प्रवेश करने वाले रास्ते पर पुलिस की ओर चेकिंग की जाएगी। आईजी ने कहा कि मतदान को लेकर पुलिस भयमुक्त वातावरण बनाए। जगह-जगह फ्लैग मार्च करने से मतदाताओं में किसी प्रकार की संदेह नहीं रहेगा तथा भयमुक्त वातारण में आकर मतदान कर सकेंगे। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मतदाता टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करके जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिनके पास पहचान पत्र नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर मतदान कर सकेंगे।
साढ़े 6 हजार जवानों की तैनाती
बांकीपुर उपचुनाव के लिए शहर के सात थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वाहनों की चेकिंग शुरू है। कई इलाकों में अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। जिन थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई गई है, उनमें गांधी मैदान, पीरबहोर, कदमकुआं, कोतवाली, सचिवालय,बुद्धा कॉलोनी और श्रीकृष्णापुरी शामिल है। इन थाना क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक पुलिसवालों की तैनाती की गई है।
1400 अर्द्ध सैनिक बलों के जवान तैनात हैं। बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड, राजापुर से गोलघर, कदमकुआं आदि इलाके में मंगलवार को अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से एक दर्जन वाहनों को शहर में भ्रमण कराया जा रहा है जिसमें मतदाताओं से 30 जुलाई को मतदान करने की अपील की जा रही है। गांधी मैदान, एक्जीबिशन रोड, बोरिंग रोड, रेलवे स्टेशन के आसपास और आर ब्लॉक स्थित होटलों की जांच की गई। हालाकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन होटलों में ठहरने वाले लोगों का पुलिस ने ब्योरा लिया है। काफी संख्या में शहर के अल-अलग इलाकों में होटलों में प्रदेश के बाहर से आए राजनैतिक कार्यकर्ता ठहरे हुए हैं।
85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 मतदाता
सात थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ऐसे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है जिन पर चुनाव में अशांति फैलाने की आंशका है। दो दर्जन से अधिक लोगों पर 107 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को संवेदनशील इलाकों में तलाशी ली जाएगी। हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों पर नजर रखने के लिए छह सदस्यीय पुलिस अधिकारियों की एक अलग टीम बनाई गई है।
85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 तथा 1,024 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। 29 चलंत मतदान केंद्र, 175 निजी भवनों तथा 247 सरकारी भवनों में स्थापित हैं। 30 आदर्श मतदान केंद्र, एक-एक महिला, युवा और दिव्यांग अनुकूल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं एएन कॉलेज में जायजा लेने के बाद डीएम ने कहा कि। सीसीटीवी 24 घंटे चालू रहे और उसकी नियमित मॉनिटरिंग होती रहे।
3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं।
422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में तथा 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
नामांकन प्रक्रिया के दौरान 40 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते अब 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।







